ब्यूरो/ऋषिकेश। आशुतोष नगर क्षेत्र में कई परिवार पेयजल किल्लत से जूझने लगे हैं। करीब सप्ताह भर से जलापूर्ति बाधित होने से परेशान लोगों ने इस बाबत जल संस्थान से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। इस मामले में आशुतोषनगर क्षेत्र के नागरिकों ने जल संस्थान कार्यालय से क्षेत्र की गली नंबर 9, 10 व 11 में जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज की है।
क्षेत्रवासी भगवान सिंह पंवार, अंबर जोशी, भूमा देवी, विशेश्वरी देवी, सुशीला देवी, मखना देवी, मीना चौहान, रामप्यारी आदि ने बताया कि क्षेत्र में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बाधित है, जिससे कई परिवारों को जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या के बाबत जल संस्थान कर्मियों को अवगत कराया जा चुका है, मगर समाधान नहीं किया गया। जिसके चलते लोगों को जरूरत का पानी इधर-उधर से ढोकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।