ब्यूरो/अमर उजाला
साहिया।
बदहाल हईया-अलसी-सकनी-पंजिया मोटर मार्ग की मरम्मत और जगह-जगह लगे मलबे के ढेर को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह से मुलाकात की। उन्होंने अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा। अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को मांग पर शीघ्र अमल करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण के 11 साल बाद भी सड़क पर डामरीकरण नहीं हुआ है। कई जगहों पर सड़क का बुरा हाल है। गड्ढों से हादसों का डर रहता है। वाहनों के गुजरने पर सड़क पर धूल उड़ने लगती है। बरसात में सड़क पर कीचड़ हो जाती है। सड़क पर जगह-जगह मलबे के ढेर लगे हुए हैं। विभागीय अधिकारियों से पत्राचार के बाद भी अब तक मलबे को नहीं हटाया जा सका है।
प्रतिनिधिमंडल में पंजिया के प्रधान राजपाल सिंह, अजब सिंह, जगत सिंह चौहान, एचएस बिष्ट, सुभाष वर्मा, सियाराम, भोपाल सिंह पंवार, चतर सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह चौहान, रवि आदि शामिल रहे।