ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
चार धाम यात्रा के लिए की जा रही तैयारियों के तहत उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर ने कई विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विभागों से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान ने नगर पालिका मुनिकीरेती सभागार में कई विभागों के अफसरों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र में पैचवर्क कर सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारियों को यात्रा मार्ग में पेयजल के इंतजाम करने को कहा। साथ ही उन्हें चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड व मुख्य मार्गों पर यात्रियों के लिए पानी के लिए प्याऊ और स्टैंडपोस्ट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी सौरभ चमोली को तीर्थ क्षेत्र में पथप्रकाश की व्यवस्था समय रहते जुटाने को कहा। क्षेत्र में अतिक्रमण और जाम की समस्या को लेकर उन्होंने थाना मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, निर्माण एवं अनुरक्षण गंगा से एके चतुर्वेदी, जलकल अभियंता एबीएस रावत जल संस्थान, जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा, नायब तहसीलदार वीरेंद्र भट्ट, सिंचाई विभाग के एई एमएस बलूनी आदि मौजूद थे।