ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
अगले माह से शुरू होने वाली चार धाम यात्रा के लिए संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति कार्यालय में अब तक 530 वाहनों की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक बुकिंग चारोंधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए मिली हैं। जबकि गत वर्ष तक यात्रा प्रारंभ होने के पखवाड़े भर पहले तक अग्रिम बुकिंग का आंकड़ा लगभग सवा तीन सौ बसों का था।
रोटेशन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बृजभानु प्रताप गिरि ने बताया कि चार धाम यात्रा के लिए अब तक समिति में 530 वाहनों की अग्रिम बुकिंग की जा चुकी है। जिनमें कुछ बुकिंग एजेंटों के माध्यम से रोटेशन को मिली हैं। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों को देखकर वाहन स्वामी, होटल व्यवसायियों व अन्य छोटे दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।
नहीं होगी वाहनों की कमी
ऋषिकेश। गत वर्ष चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुुओं की संख्या बढ़ने पर वाहनों की कमी हो गई थी। जिसके कारण कई श्रद्धालुओं को तीन से चार दिनों तक चार धाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड और स्थानीय धर्मशालाओं में गुजारने पड़े थे। पिछली बार की यात्रा में रोटेशन के लगभग 1370 वाहन यात्रा में लगाए गए थे। मगर इस साल की चार धाम यात्रा के लिए रोटेशन ने अपने बेड़े में 1450 बसों को आरक्षित किया है। इस वर्ष करीब 70 नई बसें यात्रा बेड़े में शामिल की गई हैं।