कर्णप्रयाग। गंगा समग्र यात्रा बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग पहुंची। इस दौरान यात्रा में शामिल सदस्यों ने लोगों से गंगा के संरक्षण और स्वच्छता पर जोर दिया। सदस्यों ने अलकनंदा और पिंडर के संगम पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाया और गंगा आरती भी की।
मुख्य बाजार में आयोजित कार्यक्रम में यात्रा के संयोजक मोहन सिंह गांववासी ने कहा कि हिमालय से निकलने वाली गंगा धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का संगम है। गंगा के संरक्षण से ही जीवन का संरक्षण है। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों और महिलाओं ने बहुगुणानगर से मुख्य बाजार तक जलकलश यात्रा निकाली। देर शाम संगमस्थल पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सरदार संत सिंह, समग्र यात्रा के जिला संयोजक हर्षवर्द्धन नवानी, पूरण सिंह नेगी, जिला सहसंयोजक दीपा भट्ट, आरएसएस के डा. एपी हटवाल, एमडी चंदोला, जीआर बेंजवाल, बजरंग दल के पवन राठौर, भाजयुमो के नगर अध्यक्ष सलिल डिमरी, देवी प्रसाद, राकेश मैठाणी, शंभू प्रसाद पंत और हरि प्रसाद ममगाईं आदि मौजूद थे।
चिन्यालीसौड़ पहुंची गंगा समग्र यात्रा
चिन्यालीसौड़। गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही गंगा समग्र यात्रा बृहस्पतिवार को चिन्यालीसौड़ पहुंची। गंगोत्री से गंगा जल लेकर निकली यात्रा का डुंडा, नालुपानी, धरासु बैंड, बड़ेथी आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान गंगा समग्र अभियान के प्रांतीय संयोजक डा. आदित्य गौतम ने बताया कि दुनिया की सबसे पवित्र नदी का दर्जा रखने वाली मां गंगा के संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। गंगोत्री से गंगा सागर तक करोड़ों लोगों को जीवन देने वाली यह नदी आज खुद अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। कहा कि समय रहते इसकी अविरलता एवं निर्मलता को बचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से एक जुट होकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। बताया कि 31 मार्च को बद्रीनाथ एवं गंगोत्री से चले यात्रा दल देवप्रयाग में मिलेंगे। यहां से आगे वह मिलकर हरिद्वार तक जाएंगे। 2 अप्रैल को यात्रा का समापन किया जाएगा। इस मौके पर हरीश सेमवाल, चंद्रशेखर नौटियाल, प्रेम लाल भट्ट, रजनी कोटवाल, पूनम रमोला, शांति ठाकुर, शांति भट्ट, राजेंद्र सेमवाल, सुमन रावत, सुरेश रमोला आदि लोग मौजूद रहे।