श्रीनगर। विकास खंड खिर्सू के जूनियर हाईस्कूल चमराड़ा का वार्षिकोत्सव छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों साथ शुरू हुआ। इस मौके पर विद्यालय के होनहार छात्रों को सम्मानित कर अन्य छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय आदर्श विद्यालय चमराड़ा के वार्षिकोत्सव का जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी व संघ के जिला मंत्री भगत सिंह ने शुभारंभ किया। इस मौके पर छात्रों की ओर से गढ़वाली लोक नृत्य, कविता पाठ, कव्वाली, भाषण प्रतियोगिता आदि की प्रस्तुतियां आकर्षण के केंद्र रहे। भाषण प्रतियोगिता में मानसी भंडारी व पूनम पांडे प्रथम स्थान पर रही। विद्यालय में सालभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में भगत सिंह सदन प्रथम, महात्मा गांधी सदन द्वितीय व इंदिरा गांधी सदन तीसरे स्थान पर रहे। इस मौके पर व्यायाम प्रदर्शन में राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रों की टीम को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपखंड शिक्षाधिकारी पीएल भारती ने विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाए जाने पर जोर देने को कहा। इस मौके पर कार्यक्रम के संचालक भरत सिंह बुटोला, सुकन्या थपलियाल, पीएल पांडे, संतोष पुरी, अनिता रौथाण, विजया नौडियाल, मुकेश काला, पदमेंद्र लिंगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, आरती पुंडीर आदि मौजूद थे।