ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चुनाव के लिए बुधवार को ऋषिकेश में बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने मतदान किया। इस दौरान 268 वकीलों ने सदस्य पद के 20 प्रत्याशियों के निर्वाचन के लिए मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया प्रथम अपर जिला जज की देखरेख में संपन्न हुई।
बुधवार सुबह प्रथम अपर जिला जज एसएमडी दानिश की अदालत परिसर में बार एसोसिएशन ऋषिकेश के अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान किया। इस अवसर पर सुबह नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक मतदान हुआ।
बार के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन से जुड़े 292 वकीलों में से 268 ने मतदान किया। प्रथम अपर जिला जज एसएमडी दानिश की देखरेख में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। बताया कि मतपेटियों को नैनीताल भेजा जाएगा। इस बार काउंसिल में सदस्य पद के लिए कुल 90 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 20 सदस्यों का चुुनाव किया जाना है।
शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश से अधिवक्ता सुभाष भट्ट और सूरत सिंह रौतेला भी काउंसिल में सदस्य पद के उम्मीदवार हैं। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सजवाण, सचिव अजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र कुकरेती आदि मौजूद थे।