ब्यूरो/ऋषिकेश। सोशल मीडिया पर टिहरी जनपद में शराब की नवसृजित दुकानों और उनके राजस्व से संबंधित एक लिस्ट वायरल हो गई है। सूची में मदिरा की दुकानों में ढालवाला का नाम और उसका राजस्व भी अंकित है। सोमवार को सोशल मीडिया फेसबुक और व्हाट्सएप पर जनपद टिहरी गढ़वाल में नवसृजित मदिरा की दुकानों से जुड़ी एक लिस्ट वायरल हुई। खासबात यह है कि सूची में वित्तीय वर्ष के राजस्व निर्धारित दिनांक एक अप्रैल 2018 से एक मार्च 2019 दर्शाया गया है। जबकि सरकार ने शराब की दुकानों की ठेका अवधि को एक माह और अधिक यानि मई तक के लिए बढ़ा दिया है।
जिला आबकारी अधिकारी सपन पांडेय ने बताया कि जिले से ऐसी कोई भी सूची जारी नहीं की गई है। उन्होंने लिस्ट के फर्जी होने की बात कही। बताया कि शासन ने मई तक शराब की दुकानों की ठेका अवधि को बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि ढालवाला में दुकान खोलने के लिए कागजी कार्यवाही की जाएगी। शासन के दिशा-निर्देश पर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। फिलहाल विभाग ने ऐसी कोई भी कार्यवाही शुरू नहीं की है। लिहाजा, यह महज एक तरह की अफवाह के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने सूची के विभाग से जुड़ी होने से साफ इनकार किया है।