श्रीनगर। थल सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत के दौरे से पूर्व आर्मी मेडिकल कोर की टीम ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर/बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने बेस अस्पताल के विभिन्न विभागों में जाकर अपडेट लिया। रविवार (आज) को जनरल विपिन रावत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मेडिकल कालेज का निरीक्षण करेंगे। आर्मी चीफ और मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के लेक्चर हॉल में अधिकारियों की बैठक लेंगे, जिसमें मेडिकल कालेज के हस्तांतरण पर अंतिम रुप से विचार किया जाएगा।
थल सेनाध्यक्ष के दौरे से पूर्व सेना के अधिकारियों ने यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को सेंट्रल कमांड के मेजर जनरल डीएस भाकुनी के नेतृत्व में सेना के अधिकारी यहां पहुंचे। बेस अस्पताल मेें उनकी अगवानी करते हुए चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. आशुतोष सयाना, प्राचार्य प्रो. चंद्रमोहन रावत और चिकित्सा अधीक्षक डा. सुरेश जैन ने उनको पूरी जानकारी दी। बताया गया कि इस बीच नए उपकरण खरीदे गए हैं। अस्पताल में ई-रजिस्ट्रेशन और टेली मेडिसिन की व्यवस्था की गई है।