ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
स्वास्थ्य विभाग के बजट जारी न करने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया जल संस्थान का लाखों रुपये का बकायेदार बन बैठा है। अस्पताल प्रबंधन पर विभाग का करीब 5.37 लाख रुपये का बिल बकाया है। ऐसे में अब जल संस्थान ने शीघ्र बिल राशि जमा न करने पर अस्पताल को कनेक्शन काटने की चेतावनी दी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया 120 से अधिक गांव का केंद्र बिंदु है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं। जिस कारण यहां पर पानी की भी बड़ी मात्रा में खपत होती है। ऐसे में यदि बिल जमा न करने पर जल संस्थान ने अस्पताल का कनेक्शन काट दिया तो अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता हैं। बीते साल भी बिल जमा न करने पर विभाग ने अस्पताल का पानी का कनेक्शन काट दिया था। तब 15 दिन तक अस्पताल में पानी नहीं आया था। किसी तरह उच्चाधिकारियों ने 25 हजार रुपये जमा कर कनेक्शन को जुड़वा दिया था। लेकिन इस साल अब फिर से अस्पताल प्रबंधन के सामने इतनी बड़ी राशि का बिल जमा करने का संकट खड़ा हो गया है।
अस्पताल प्रबंधन को कई बार बिल जमा करने के नोटिस जारी किया जा चुका है। यदि विभाग एक सप्ताह के भीतर बिल जमा नहीं करता तो कनेक्शन को काट दिया जाएगा। - बीएस रावत, अवर अभियंता, जल संस्थान
-----------
बिल के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बजट मिलते ही जल संस्थान का भुगतान कर दिया जाएगा।
- डॉ. विक्रम सिंह तोमर, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी साहिया