श्रीनगर। विकास खंड खिर्सू के कोटी-कमेड़ा मोटर मार्ग का डामकरीकरण कार्य पूरा न किए जाने पर ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के बीस साल बाद भी विभाग सड़क का डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य पूरा नहीं कर पाया है।
खंडाह बैंड से कोटी, पंदालियों, कमेड़ा, दुर्गाकोट व धमाखोली के ग्रामीणों को सड़क सुविधा से तो जोड़ा गया, लेकिन आज तक विभाग मार्ग का डामरीकरण व सुधारीकरण का कार्य पूरा नही कर पाया है, जिससे मार्ग जान लेवा बना है। ग्रामीण गजेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि विभागीय लापरवाही के चलते मार्ग दुर्गाकोट व भेलगढ़ के मध्य जर्जर बना है, जिस पर वाहनों की आवाजाही न होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नही मिल पा रहा है। ग्रामीण नारायण सिंह, जितेंद्र, उमाचरण, जयशी आदि का कहना है कि अगर मार्ग भेलगढ़ तक सही बन जाता तो क्षेत्रीय जनता को ब्लाक मुख्यालय खिर्सू तक पहुंचने में करीब 20 किमी कम दूरी तय करनी पड़ती। ग्रामीणों ने लोक निर्माण खंड श्रीनगर से भेलगढ़ तक मार्ग के सुधारीकरण के साथ ही डामरीकरण की मांग की है। सहायक अभियंता लोनिवि श्रीनगर विजय सिंह रावत ने बताया कि मार्ग पर तीन किमी सुधारीकरण कार्य के लिए शासन को इस्टीमेट भेजा गया था, लेकिन बजट नहीं मिल पाया है। दोबारा इस्टीमेट भेजा जाएगा। उसके बाद ही सड़क के शेष भाग के डामरीकरण के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी।