श्रीनगर। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण के लिए जनासू के ग्रामीणों ने शर्तों के आधार पर परियोजना को भूमि देने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वह सर्किल रेट के आधार पर अपनी भूमि नही देंगे।
ग्राम पंचायत जनासू के पंचायत भवन में अपर जिला मजिस्ट्रेट राजजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में ग्रामीणों के साथ रेल विकास निगम व राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनासू, चिलगड़ तल्ला व चिलगड़ मल्ला के ग्रामीणों ने भूमि के सर्किल रेट 14 हजार 400 रुपये प्रति नाली दिए जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए परियोजना को अपनी भूमि देने में असमर्थता जताई। ग्रामीणों ने भूमि का मुआवजा 6 लाख रुपये प्रति नाली दिए जाने व संयुक्त खाते के स्थान पर काश्त कब्जा स्वामी को भुगतान किए जाने की मांग की है। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह लिंगवाल, शांति लाल शाह, नरेंद्र सिंह रावत, दिनेश नेगी, त्रिलोक बिष्ट, गोविंद सिंह रावत, बच्ची राम भट्ट, मान सिंह नेगी, कमल किशोर, रविंद्र रावत, विजय सिंह रावत आदि मौजूद थे।