घाट (चमोली)। अब जल्द ही राजकीय महाविद्यालय घाट को अपना भवन मिल जाएगा। डीएम की संस्तुति के बाद प्रशासन ने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि के दस्तावेज राजस्व बोर्ड को सौंप दिए हैं। महाविद्यालय के लिए घाट बाजार के समीप ही 125 नाली भूमि चयनित कर दी गई है।
वर्ष 2014 से संचालित महाविद्यालय मौजूदा समय में भी किराए के भवन पर चल रहा है। प्राचार्य केएन बरमोला ने बताया कि महाविद्यालय में 380 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां अभी तक सिर्फ कला संकाय ही संचालित हो रहा है। महाविद्यालय भवन का निर्माण होने के बाद महाविद्यालय में विज्ञान संकाय का संचालन भी किया जाएगा। घाट महाविद्यालय में मौजूदा समय में अंग्रेजी विषय में प्रवक्ता नहीं है, जबकि यहां अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, भूगोल और सैन्य विज्ञान विषय की जरूरत है। प्राचार्य ने कहा कि राजस्व बोर्ड को महाविद्यालय भूमि संबंधी कागजात दे दिए गए हैं। बोर्ड की संस्तुति के बाद भवन निर्माण का शुरू कर दिया जाएगा।