ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सहसपुर में हिमान्या महिला हाट बाजार का शुभारंभ किया। सहसपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की 670 न्याय पंचायतों में हिमान्या हाट बाजार खोलने का है।
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि हिमान्या हाट बाजार के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को एक ऐसा बाजार उपलब्ध हो सकता है, जहां वह अपने उत्पादों की बेहतर ढंग से मार्केटिंग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार के एक-एक सदस्य को स्वरोजगार उपलब्ध कराना है। कहा कि वर्ष 1987 में उत्तराखंड से ही इस योजना की शुरुआत हुई थी, आज पूरे देश की लाखों महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। वहीं, जिला मिशन प्रबंधक विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में बताया। विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि ब्लॉक में हाट बाजार खुलने से महिला सशक्तीकरण होगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रंजीता तोमर ने भी विचार रखे। संचालन ब्लॉक मिशन प्रबंधक जितेंद्र तिवारी ने किया। इस मौके पर सीडीओ जीएस रावत और बीडीओ अनुराधा पाल समेत कई लोग मौजूद थे।