ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की बैठक में माह फरवरी का वेतन न मिलने पर रोष जताया गया। इस दौरान वेतन न मिलने की शिकायत उपशिक्षाधिकारी से की गई। इसके अलावा उपार्जित अवकाश को सेवा पंजिका में अंकित करने की मांग की गई।
विकासनगर में आयोजित बैठक में जिला मंत्री सूरज मंद्रवाल ने कहा कि लंबे समय से जनगणना और पंचायत चुनाव के उपार्जित अवकाश को सेवा पंजिका में अंकित करने की मांग की जा रही है, लेकिन मांग को अनसुना किया जा रहा है। ऐसे में ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश नौटियाल ने कहा कि विभागीय हीलाहवाली का खामियाजा शिक्षकों को भुगतना पड़ता है। कई शिक्षकों की सेवा पंजिका और जीपीएफ बुक भी अब तक अपूर्ण हैं। जिन्हें पूर्ण कर शिक्षकों को दिखाना चाहिए। बैठक में जिला मंत्री सूरज मंद्रवाल, शीशपाल सिंह, संतराम, सुशील कुमार, जितेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, ब्लॉक मंत्री कुशममणि, सुनील कुमार, महिपाल राठौर, अनंत सोलंकी आदि मौजूद रहे।