ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
डॉक्टरगंज की सरकारी राशन दुकान को शिफ्ट किए जाने पर ग्रामीणों ने ऐतराज जताया है। ग्रामीणों ने सोमवार को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र सिंह चौहान का घेराव कर प्रदर्शन किया। बाद में पूर्ति निरीक्षक के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
डॉक्टरगंज सरकारी राशन दुकान से जुड़े उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले पुल नंबर-1 स्थित राशन की दुकान से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन मार्च का राशन कैनाल चौक स्थित दुकान से लेने को कहा जा रहा है। ग्रामीणों के आरोप है कि उपभोक्ताओं की राय जाने बिना कोटे शिफ्ट किया गया है। इससे काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने राशन दुकान पुल नंबर-1 पर ही बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। घेराव करने वालों में जय प्रकाश, गजेंद्र सिंह यादव, बेबी, कमलेश, वीर सिंह थापा, कुंदन सिंह चौहान, धर्मपाल, गजना, प्रमोद आदि मौजूद रहे।