ब्यूरो/अमर उजाला /ऋषिकेश।
वैदिक ब्राह्मण महासभा ने योग गुरु बाबा रामदेव पर सनातन वैदिक परंपरा, ज्योतिष और वास्तु शास्त्र पर अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर महासभा द्वारा बुधवार को त्रिवेणी घाट पर यज्ञ कर बाबा की बुद्धि-श़ुद्धि की कामना की है।
त्रिवेणीघाट पर बुधवार को महासभा के अध्यक्ष गंगाराम व्यास ने कहा कि बाबा रामदेव लगातार भारतीय धर्मग्रंथों का विरोध कर रहे हैं। बाबा रामदेव विभिन्न मंचों से लगातार सनातन वैदिक परंपरा और ज्योतिष पर भी बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। महासभा के संयोजक राकेश लसियाल ने कहा कि बाबा रामदेव महज एक व्यापारी बनकर रह गए हैं। उन्हें शायद धर्मग्रंथों का ज्ञान नहीं है। यही वजह है कि वह इस तरह की गलतियां दोहरा रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मणों से एकजुट होकर बाबा की बयानबाजी का विरोध करने का आह्वान किया है। इसके पहले वैदिक ब्राह्मण महासभा की ओर से त्रिवेणी घाट पर बाबा की सद्बुद्धि के लिए बुद्धि-श़ुद्धि यज्ञ किया गया। यज्ञ में गिरि कोठियाल, मणिराम पैन्यूली, गिरीश कोठियाल, जितेंद्र भट्ट, भूपेंद्र उनियाल, देवेंद्र उनियाल, मनोज, कैलास बलोदी, शिव सेमवाल, शिव स्वरूप नौटियाल, जगदीश जोशी, दीपेंद्र भट्ट, सतेंद्र पंत, परमेश उनियाल, उमाशंकर उनियाल आदि मौजूद रहे।