ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
हवा में उड़ता अबीर-गुलाल और एक-दूसरे को रंगों से भिगोती पिचकारियां। शुक्रवार को कुछ इसी अंदाज में पूरे पछवादून में होली मनाई गई। कहीं, फाग की मस्ती के बीच परंपराओं में लिपटी गुझिया की मिठास थी तो कहीं रंग बरसे चुनर वाली की धूम थी। बलम पिचकारी और चैता की चेत्वाल पर खूब ठुमके लगे। शुक्रवार को पूरे पछवादून और जौनसार बावर में होली का राग सुनाई दिया। होलिका दहन के बाद शुरू हुआ होली का उल्लास देर शाम तक नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर रंगों के त्योहार की बधाइयां दी। सेलाकुई, हरबर्टपुर, सहसपुर, डाकपत्थर, कालसी में होलियारों की टोलियां रंगों की मस्ती में खेलती और झूमती नजर आई। जौनसार बावर के कई गांव के पंचायती आंगनों में होली के रंगों के साथ ही लोक संस्कृति के रंग भी बिखरे।
पर्यटकों से गुलजार पिकनिक स्पॉट
होली के अवसर पर पार्क और पिकनिक स्पॉट भी गुलजार रहे। डाकपत्थर स्थित ग्रीन पार्क, आसन झील में सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा।
पुलिस ने भी खूब खेली
होली पर ड्यूटी पर रहने वाले पुलिसकर्मियों ने दोपहर बाद होली खेली। डाकपत्थर पुलिस चौकी, कोतवाली परिसर, कालसी थाना में पुलिस कर्मी डीजे की धुनों पर खूूब थिरके।