श्रीनगर। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि जीआईएंडटीआई मैदान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पुस्तक मेले में पुस्तकालय संचालकों और छात्रों को भारी छूट मिलेगी। मेले में बच्चों के लिए गढ़वाली व कुमाऊंनी में कहानियों की पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी।
शुक्रवार को उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने शहर में पहुंचकर राष्ट्रीय पुस्तक मेले की तैयारियों का जायजा लिया। 24 फरवरी से 28 फरवरी तक जीआईएंडटीआई मैदान में पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 70 से अधिक पब्लिशर्स भाग ले रहे हैं। पत्रकारों से वार्ता के दौरान डा. धन सिंह रावत ने कहा कि पुस्तक मेले की थीम पढे़गा उत्तराखंड, बढे़गा उत्तराखंड व साक्षर गांव साक्षर प्रदेश रखा गया है। कहा कि भारत में पहली बार पंचायत थीम पर पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ डा. रावत ने कहा कि मेले के दौरान सरपंचों का समागम भी होगा। पंचायतों में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान पूरे राज्य से 200 से अधिक ग्राम प्रधान मौजूद रहेंगे। उद्घाटन अवसर पर पदमश्री लीलाधर जगूड़ी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष डा. बलदेव भाई शर्मा आदि मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के संपादक कुमार विक्रम ने बताया राष्ट्रीय पुस्तक न्यास अपने 60 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। पत्रकार वार्ता में जितेंद्र रावत, मोहन लाल जैन, राकेश ध्यानी, अनूप बहुगुणा, अतर सिंह असवाल आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री नहीं करेंगे शिरकत
श्रीनगर। थराली के विधायक मगन लाल शाह की तबियत खराब होने से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। शाह की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डा. धन सिंह रावत ने कहा कि यदि शाह की स्वास्थ्य में सुधार होता है कि रविवार को मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।