गोपेश्वर। देवर-खडोरा गांव में आयोजित देवी भागवत महायज्ञ के दौरान शुक्रवार को भव्य जल कलश यात्रा का आयोजन हुआ। इस दौरान सैकड़ों देवी भक्तों ने मठ गांव में अलकनंदा नदी तट से चंडिका मंदिर तक जल कलश यात्रा निकाली। इसके बाद मंदिर में मां चंडिका का जलाभिषेक किया गया।
देवर-खडोरा गांव में 16 फरवरी से देवी भागवत महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में शामिल होने के लिए ध्यांणियों (विवाहित बेटियों) और प्रवासी ग्रामीणों का तांता लगा है। शुक्रवार को कथा प्रवचन करते हुए कथा व्यास पुरुषोत्तम भट्ट ने कहा कि भगवत भक्ति के लिए सत्संग सुलभ और सुगम मार्ग है। सत्संग से जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग प्रशस्त होते हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र रौतेला का कहना है कि आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी पौराणिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर आचार्य प्रयाग दत्त भट्ट, वेद प्रकाश भट्ट, समिति कोषाध्यक्ष पपेंद्र रावत, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, धीरेंद्र बिष्ट, सैन सिंह, मनोज रावत, दिगंबर सिंह रावत, हरीश रावत और विनोद भट्ट आदि मौजूद थे।