ब्यूरो/विकासनगर।
सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ ने डाकपत्थर स्थित संघ कार्यालय पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की मांग पर अवस्थापना खंड डाकपत्थर के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
कहा डाकपत्थर स्थित टोंस कॉलोनी में कार्यालय खोलने के लिए संघ को एक आवास आवंटित है। लेकिन उक्त आवास पर एक व्यक्ति ने ताला तोड़कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। आवास छोड़ने की बात करने पर उक्त व्यक्ति द्वारा संघ के सदस्यों को डराया और धमकाया जाता है। कहा पूर्व में भी संघ के पदाधिकारी मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस संबंधित में व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी है। कहा यदि विभाग जल्द ही कार्यालय के लिए आवंटित आवास को खाली नहीं करता तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारियों को लिखा गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में अमर सिंह खुर्चयाल, एसएस पुंडीर, कुलदीप शर्मा, जवाहर सिंह, वीर सिंह, अनिल उनियाल, कुंवर सिंह असवाल, गबर सिंह सुरयाल, कुंदन सिंह पंवार, अर्जुन सिंह, बृजेश कुमार, जबर सिंह आदि शामिल रहे।