ब्यूरो/ऋषिकेश। अमर उजाला फाउंडेशन व लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि की ओर से शुक्रवार यानि 23 फरवरी को नगर क्षेत्र में आयोजित रक्तदान शिविर में प्रतिभाग करने व महादान का हिस्सा बनने के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी खासे उत्साहित हैं। फाउंडेशन व क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम स्थित स्व. इंद्रमणी बडोनी सभागार में आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में टाइम इंस्टीट्यूट ऋषिकेश और पाठशाला कोचिंग संस्थान के विद्यार्थी भी प्रतिभाग करेंगे।
मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन व लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि की टीम ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों से संपर्क स्थापित किया। लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि के चार्टर अध्यक्ष गोपाल नारंग ने बताया कि इस दौरान टीम ने टाइम इंस्टीट्यूट ऋषिकेश के डायरेक्टर सोनल कुकरेजा से मुलाकात कर शिविर में संस्थान के छात्र-छात्राओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। सोनल कुकरेजा ने शिविर में रक्तदान में छात्र-छात्राओं द्वारा रक्तदान शिविर में सहयोग का भरोसा दिया है। उधर, हरिद्वार रोड कालेकीढाल स्थित पाठशाला कोचिंग सेंटर के निदेशक संदीप गुल्हाटी व प्रांजल कर्नाटक से संपर्क कर संस्थान में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को रक्तदान शिविर में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करने की अपील की। निदेशक संदीप गुल्हाटी ने शिविर में छात्र-छात्राओं द्वारा रक्तदान में सहयोग का भरोसा दिया है।
इसके अलावा टीम ने नौजवान सेवक जत्थे के प्रमुख सेवादार सरदार बूटा सिंह व सेवादार हिम्मत सिंह से मुलाकात कर रक्तदान शिविर में सहभागिता की अपील की। जत्थे की ओर से व्हाट्स एप ग्रुप में संदेश के माध्यम से सदस्यों से रक्तदान करने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि पीजी ऑटोनामस कॉलेज ऋषिकेश के प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी ने छात्रसंघ उपाध्यक्ष अजय जायसवाल को रक्तदान महादान के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने के लिए सहयोग करने को कहा है। अजय जायसवाल ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ छात्र-छात्राओं को रक्तदान में प्रतिभाग करने की मुहिम में जुट गए हैं।
यहां करें संपर्क
शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए इच्छुक रक्तदाता अपना पंजीकरण अमर उजाला ऋषिकेश कार्यालय जैन मार्केट रेलवे रोड, ऋषिकेश और लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि संस्था से क्रमश: मोबाईल नंबर-9412077910 व 9412050633 पर संपर्क कर करा सकते हैं।