श्रीनगर। एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड में आयोजित क्लीफेस्टो 2018 (सांस्कृतिक एवं तकनीकी महोत्सव) की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक हार्डी संधू की धूम रही। देर रात तक चले कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राएं हार्डी के गीतों पर झूमते रहे।
रविवार देर रात चार दिवसीय क्लीफेस्टो 2018 का समापन हो गया। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी सिंगर हार्डी संधू ने अपने गीतों से माहौल को सरोबार कर दिया। श्रोताओं की फरमाइश पर हार्डी ने दूसरे पंजाबी गायकों के गीत भी सुनाए। ज्यों-ज्यों रात बढ़ती गई, छात्र-छात्राओं का जोश बढ़ता गया।
हार्डी ने एक के बाद एक तू बैकबोन जट दी, सोच, यार न मिलिया, होर्न ब्लो लाल छड़ी दा और ओ कुड़ी मैनू कह दी मैनू जूती ला दे सोनिया को सुनाकर श्रोताओं को नाचने को मजबूर कर दिया। एक गाना खत्म होते ही श्रोता दूसरे गाने की फरमाइश लगे। हार्डी ने भी उनको निराश नहीं किया।
इस अवसर पर संस्थान के कुलसचिव कर्नल सुखपाल सिंह, डीएसडब्लू डा. कुलदीप शर्मा, सहायक कुलसचिव डा. विनीता नेगी, प्रचार प्रमुख अभिषेक पंवार, तरुण नैथानी, अभय पैन्यूली, सना और चैतन्य भरत आदि मौजूद थे।
डांस में श्वेता और सिंगिंग में अनिरुद्ध
श्रीनगर। क्लीफेस्टो के ऑन लाइन सेल्फीवोग, सिङ्क्षगग, डासिंग, रोबोकिक और हाइड्रोलिक्स स्पर्धा के रिजल्ट भी घोषित हो गए। सोलो डांस में श्वेता और ग्रुप डांस में इन्क्रेडीबल्स प्रथम स्थान पर रहे। डांस में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी मुंबई में आयोजित होने वाले हिप हॉप इंटरनेशनल 2018 कार्यक्रम में प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, सोलो सिंगिंग में अनिरुद्ध ने बाजी मारी। रोबो किक में दिनेश गिरी और हाईड्रोलिक्स में कुबेर प्रथम स्थान पर रहे, जबकि ऑन लाइन प्रतियोगिता सेल्फीवोग में भानुप्रिया ने बाजी मारी।