गोपेश्वर। इंजीनियरिंग कॉलेज गोपेश्वर के प्रवक्ता ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में काउंसिलिंग के जरिए छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा का ज्ञान बांट रहे हैं। कॉलेज के प्रवक्ता मंडल घाटी के जीआईसी ग्वाड़-देवलधार, सुबोध प्रेम विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोपेश्वर, जीजीआईसी और श्री गुरुरामराय पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, वैकल्पिक ऊर्जा संरक्षण और जैव विविधता के बारे में बता रहे हैं।
सुबोध प्रेम विद्या मंदिर गोपेश्वर में काउंसिलिंग के दौरान प्रवक्ता अजय गैरोला ने कहा कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा का ज्ञान बेहद जरूरी है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में युवा तकनीकी शिक्षा से कोसों दूर हैं। तकनीकी शिक्षा के लिए स्थानीय छात्र-छात्राओं के लिए इंजीनियरिंग कालेज गोपेश्वर है जहां सभी विषय और उनके प्रवक्ता भी हैं। छात्र-छात्राओं को इसका लाभ उठाना चाहिए। प्रवक्ता इंदु पाटनी, डा. भारती कालरा और भावेश पांडे ने छात्रों को करियर काउंसिलिंग की जानकारी दी। कहा गया कि हिमालय क्षेत्र जैव विविधता से भरा हुआ है, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने छात्रों को विज्ञान की नई-नई तकनीकों के बारे में भी बताया। इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक केकेएस मैर ने बताया कि विभिन्न गांवों और विद्यालयों में प्रवक्ताओं की ओर से करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक युवा तकनीकी शिक्षा से अपने करियर को संवार सकें।