कर्णप्रयाग। नारायणबगड़ ब्लाक के असेड़ गांव का युवक भालू के हमले में घायल हो गया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग में भर्ती कराया। सूचना देने के 24 घंटे बाद भी वन विभाग की ओर से घायल की सुध नहीं ली गई है। इस पर परिजनों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
असेड़ गांव का दीपक सती (19) पुत्र हंसराम सती बृहस्पतिवार को रिश्तेदारी में डुंग्री गांव गया है। दीपक शुक्रवार शाम पांच बजे डुंग्री से असेड़ आते हुए असेड़ गांव पहुंचा जहां भालू ने उस पर हमला कर दिया। दीपक के चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे लेकिन तब तक भालू भाग गया। ग्रामीणों की मदद से दीपक को एक निजी कार में परखाल बाजार तक लाया गया। यहां 108 सेवा से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाराणबगड़ लाया गया। हंसराम सती ने बताया कि दीपक की गंभीर स्थिति पर उसे रात को एक बजे सीएचसी कर्णप्रयाग लाया गया। बताया कि वन विभाग को घटना की सूचना देने के बाद भी घायल युवक की सुध नहीं ली गई। इधर वन विभाग के नारायणबगड़ रेंज के रेंजर बीएस परमार ने कहा कि घटना की जानकारी लेकर नियमानुसार मदद की जाएगी।