ब्यूरो/साहिया।
मिनी स्टेडियम साहिया में चल रहे तीन दिवसीय मेले एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन लोक गायक धर्मेंद्र परमार और भजन वर्मा के गीतों का जादू लोगों के सिर चढ़ कर बोला। कार्यक्रम में लोक संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली। लोगों ने ढोल-दमाऊ की थाप पर जमकर नृत्य किया।
शिव शक्ति देवभूमि, स्वतंत्रता सेनानी कलीराम ककाड़ी व फुनकू दास पंजिया मेला और सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में चल रहे मेले के दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता अमर सिंह चौहान ने किया। भजन वर्मा ने महासू वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने मातृ शक्ति भ्रूण हत्या न करिया गीत से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। रेखा खन्ना ने आई जाया, आई जाया गोडरु मामा गीत गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। धर्मेंद्र परमार ने बांकों जुडो गनियात मेरी शावणिऐ, भांगा भरो घोटा गीत गाकर पूरे मंच को नाचने को विवश कर दिया। राकेश दिलवर ने बिंडरू ना मानी मेरे जाणा चुड़पुरा और भाई मामा ले बनो के अंगारों हारुल गाकर खूब तालियां बटोरी। सचिन वर्मा ने भी लोक गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष हुकम सिंह बिष्ट, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर फुनकूदास स्मारक समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, राजेंद्र अग्रवाल, डॉ. दिनेश चौहान, सुभाष भाटी, बलवीर सिंह राय, सुभाष वर्मा, बालम चौहान, विक्रम सिंह रावत, ज्ञान सिंह राय, राजकुमार शर्मा, गोपाल चौहान, मोहन भारती आदि मौजूद रहे।