श्रीनगर। कीर्तिनगर और श्रीनगर क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर स्थानीय लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया है। प्रगतिशील जनमंच सहित अन्य कई सामाजिक संगठनों का कहना है कि क्षेत्र में हुई कई वारदातों का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि सोमवार रात को शहर के बीचों-बीच स्थित मैदान में बोरे में लाश मिलने की घटना के बाद से शहर वासियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
यहां बता दें कि चौरास क्षेत्र में भी कुछ दिन पूर्व एक नाबालिग छात्र का शव मिला था। नाबालिग छात्र घर से लापता चल रहा था। पिछले वर्ष फरवरी माह में गौरसाली गदेरे के समीप एक पेंटर का शव मिला था, जिसका चेहरा पूरी तरह कुचला हुआ था। उक्त घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वर्ष 2014 में श्रीनगर से करीब 12 किमी दूर बुघाणी मोटर मार्ग पर आबिद नाम के युवक का शव मिला था, युवक के सिर पर नुकीली चीजों से वार किया गया था। आबिद शहर में टीन के बक्से बनाने का कार्य करता था। इस घटना का भी आज तक खुलासा नहीं हुआ है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से सभी आपराधिक घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है, ताकि लोगों में बना भय दूर हो। एसएसपी जोशी ने कहा कि आपराधिक घटनाओं का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है।