देवाल। भुगतान को लेकर चर्चा में रहे राजकीय जूनियर हाईस्कूल कोटेड़ा के निर्माण के मामले में शासन स्तर पर जांच बैठा दी गई है। भवन निर्माण और अन्य मामलों की जांच के मामले में मंगलवार को यहां पहुंचे लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने विभाग से भवन निर्माण से संबंधित सभी दस्तावेज तलब किए हैं।
ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल कोटेड़ा के लिए वर्ष 2010-11 में 9 लाख 5 हजार रुपये स्वीकृत हुुए थे। शिक्षा विभाग ने प्रबंधन समिति की ओर से इस भवन का निर्माण करवाया, लेकिन 6 साल बाद भी इस भवन निर्माण का पूरा भुगतान नहीं हो पाया। इस भवन के भुगतान के मामले में दो साल पहले यहां के पूर्व बीईओ बच्चु सिंह निषाद को कमीशन लेने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। तब बीईओ निषाद का भवन बनाने वाले टोली नायक से भुगतान करने के एवज में कमीशन लेने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, लेकिन इस भवन का 95 हजार का आज भी भुगतान नहीं हो पाया है। अब शासन स्तर से इस भवन की जांच लोनिवि के चीफ इंजीनियर को सौंपी गई है। चीफ इंजीनियर ओम प्रकाश ने मंगलवार को भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग से भवन के इस्टीमेट, एमबी सहित अन्य दस्तावेज मांगे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद ही अन्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।