गोपेश्वर/चमोली। ग्राम पंचायत सेम-डुंग्रा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जाख क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें सेम-डुंग्रा की टीम ने लासी एकादश को 59 रनों से हराया।
रविवार को सेम-डुंग्रा गांव में आयोजित जाख क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र पंवार ने किया। मैच में टॉस जीत कर सेम-डुंग्रा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों मेें 211 रन बनाए। दूसरी पारी में लासी एकादश की टीम 152 रनों पर सिमट गई। टूर्नामेंट के समापन पर आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को 1100 व ट्राफी तथा उप विजेता टीम को पांच हजार व ट्राफी से सम्मानित किया गया। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित महर्षि वाल्मीकि क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को हरियाली क्रिकेट क्लब व टेनिस एकादश के मध्य मैच हुआ। मैच में हरियाली क्लब की टीम ने टॉस जीतकर 10 ओवर में 98 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए टेनिस एकादश की टीम निर्धारित ओवरों में मात्र 64 रनों पर सिमट गई। मैच में जीत दर्ज कर हरियाल क्लब की टीम ने अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर ऊषा फरस्वाण, उदय सिंह रावत, लोकेश रावत, भरत गडिया, आशा नेगी, मधु और लता झिंक्वाण आदि मौजूद थे।