एक घंटे में सौ किलो कूड़े का निस्तारण करेगी मशीन
-- मुख्यमंत्री ने किया कूड़ा संयोजन किल वेस्ट मशीन का शुभारंभ
-- परमार्थ निकेतन आश्रम की पहल की सराहना की
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने परमार्थ निकेतन आश्रम में कूड़ा निस्तारण के लिए स्थापित किल वेस्ट मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने परमार्थ आश्रम की पहल को प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन को साकार करने में बेहतर कदम बताया। सोमवार को स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत किल वेस्ट मशीन का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास स्वच्छता प्रेमियों को प्रोत्साहित करने वाला है। कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विधायकों की निधि में एक करोड़ रुपये का इजाफा किया है। लिहाजा अब विधायक अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई के मुकम्मल इंतजाम करने के लिए निधि से स्वच्छता उपकरणों की खरीद भी कर सकेंगे।
आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि कूड़ा निस्तारण मशीन के शुभारंभ के लिए सेना दिवस का खास दिन चुना गया। कहा कि देश के लिए स्वच्छता जरूरी है। स्वच्छता से ही लोगों में होने वाली बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। इसके साथ ही वातावरण को शुद्ध रखने में स्वच्छता से काफी सहायता मिल सकती है। बताया कि किल वेस्ट मशीन से एक घंटे में 100 किलोग्राम कचरे को निस्तारित किया जा सकता है। कार्यक्रम में सीएम व स्वामी चिदानंद मुनि ने देश के वीर शहीदों की स्मृति में आश्रम परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी, नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, आश्रम प्रबंधक रामअनंत तिवारी, मनोज राजपूत, अनीता ममगाईं, कृष्णकुमार सिंघल, भरतलाल, गुरुपाल बत्रा, आरके दीक्षित, नरेंद्र बिष्ट, लक्की सिंह, लखन जेठुड़ी आदि मौजूद थे।