अमर उजाला ब्यूरो
बहादराबाद ।
बहादराबाद ब्लाक के श्यामपुर गांव को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योमना में शामिल होने के बावजूद ग्रामीणों को बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं नही मिल पा रही है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।
श्यामपुर गांव को दो साल पहले मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना में शामिल किया गया था। उसके बावजूद गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गांव में न जलनिकासी के लिए नालियां है और ना ही चलने फिरने के लिए खड़ंजा है। सड़कें आधी-अधूरी बनी है। जगह- जगह कीचड़ होने से चलना फिरना भी दूभर हो गया है। आदर्श गांव होने के बाजवूद बिजली का गंभीर संकट है। वहीं आए दिन गांव के अंदर वन विभाग की लापरवाही से ग्रामीण बंदरों की दहशत से परेशान हैं। बंदरों की दहशत से साग सब्जी व फल की कोई भी फसल नहीं उगा पा रहे हैं । ग्राम प्रधान शकुंतला चौहान, मेघराज, अशोक रावत, नूर मोहम्मद, धर्मपाल, अनिल चौहान, सानू अंसारी, मान सिंह, विजय सिंह, हेमराज आदि का कहना है कि गांव को आदर्श ग्राम तो घोषित कर दिया गया, लेकिन गांव के उन्नति के विकास के लिए कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। समस्याओं के संबंध में अब मुख्यमंत्री को नए सिरे से अवगत कराया गया है।