हरिद्वार। ज्वालापुर की जिस महिला ने अपने पति को तलाक दिए बिना लक्सर के जिस युवक से दूसरा निकाह किया था, वह युवक भी पहले से शादीशुदा निकला। युवक के दूसरा निकाह करने पर उसकी पत्नी भी अब सामने आई है। पेशे से अधिवक्ता महिला ने पति के खिलाफ बिना तलाक दिए दूसरा निकाह, गर्भपात कराने समेत गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है।
लक्सर के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आपबीती बताई। बताया कि वर्ष 2015 में मेडिकल स्टोर संचालक से उसका निकाह हुआ था, निकाह से पूर्व उसने पति के खिलाफ निकाह का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उसके पति ने एक झोलाछाप क्लीनिक पर उसका गर्भपात करा दिया। इस पूरे षड्यंत्र में लक्सर के एक नामी चिकित्सक, उसके बेटे ने भी पूरा सहयोग दिया। आरोप है कि उसके पति ने ज्वालापुर के मोहल्ला चौहनान की रहने वाली महिला से दूसरा निकाह उसे बिना तलाक दिए कर लिया। उस महिला ने भी अपने पति को बिना तलाक दिए निकाह किया था, जिस संबंध में ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उसके पति और उसके परिजनों ने षड्यंत्र रचकर उसके पति का दूसरा निकाह कराया है और उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। आरोप है कि न्याय के लिए वह दर दर भटक रही है और उसकी शिकायत सुनने की बजाय पुलिस टाल मटोल का रवैया अपनाए हुए है। पीड़िता ने एसएसपी से सभी के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।