रुड़की। चोरों ने चावमंडी स्थित अधिशासी अभियंता के घर को निशाना बनाया। हजारों का सामान समेट ले गए। पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखे तो चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और मौका मुआयना करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित चावमंडी निवासी विनीत कुरील नैनीताल के भीमताल में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात हैं। वह परिवार के साथ वहीं रहते हैं। जबकि उनके पिता केडी कुरील चावमंडी स्थित मकान में ही रहते हैं। पिता की तबीयत खराब होने पर अधिशासी अभियंता उन्हें देहरादून ले गए थे। बुधवार रात चोरों ने सूने को खंगाला। बृहस्पतिवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों विकास व दलीप ने घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। कमरों के भी ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा था। जबकि एक कमरे में लगी एलसीडी भी गायब थी। दोनों ने इसकी सूचना अधिशासी अभियंता व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इंस्पेक्टर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।