ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ ने शासनादेश के बाद भी एसीपी का लाभ न मिलने से नाराजी जताई है। महिला कर्मचारियों (एएनएम) ने 16 साल की सेवा पूर्ण करने पर ग्रेड वेतन 5400 एवं 26 साल की सेवा पर ग्रेड वेतन 6600 का लाभ दिए जाने की मांग की है।
विकास भवन में बृहस्पतिवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रह्लाद सिंह व प्रदेश महामंत्री प्रदीप कोहली की अध्यक्षता में हुई बैठक में मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारियों ने कहा कि चार जनवरी 2017 के शासनादेश के बावजूद महिला कर्मचारियों (एएनएम) को एसीपी का लाभ नहीं मिला है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रह्लाद सिंह ने कहा कि एसीपी के लाभ के लिए संगठन के पदाधिकारी कई बार स्वास्थ्य सचिव नितेश झा, अपर सचिव अरुणेंद्र चौहान से मिल चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अब महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य ने इस मसले पर तीन दिन के भीतर समस्त मुख्य चिकित्साधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। इससे महिला कर्मचारियों को एसीपी के लाभ की उम्मीद जगी है। बैठक में महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों के रिक्त पदों पर प्रमोशन सहित कुछ अन्य मुद्दों को भी उठाया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गुड्डी मटुड़ा, संयुक्त सचिव विजया जोशी, प्रदेश महामंत्री प्रदीप कोहली, विजय जोशी, ओमवीर सिंह, नंद किशोर त्रिपाठी, राकेश ममगांई, राजेश श्रीवास्तव, सुशीला नेगी, भागीरथी जोशी, चित्रा राणा, सीपी सुयाल, डीएस असवाल, डीके धस्माना, बीएस रावत, राम सलोने, आरएस बिष्ट, रणजीत सिंह पंवार, आशीष कोठारी, दिनेश जोशी, सतीश चंद्र, हरीश चंद्र, बीएस सजवाण, अनिल पुंडीर, प्रवीन तोमर आदि मौजूद रहे।