12 मार्च तक करना होगा पेंशन का इंतजार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
दून कोषागार (ट्रेजरी) से पेंशन लेने वालों को सोमवार 12 मार्च तक इंतजार करना पड़ेगा। वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के चलते पेंशनधारकों की आय कर की गणना की जा रही है। जिसके चलते भुगतान में समय लग रहा है।
दून कोषागार से 18 हजार से अधिक पेंशनरों को पेंशन मिलती है। उन्हें फरवरी की पेंशन का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। इसको लेकर पेंशनर खासे परेशान हैं। हालांकि कोषागार ने स्पष्ट किया है कि आय कर भुगतान की गणना में हो रही देरी के कारण पेंशन रुकी हुुई है। शुक्रवार को करीब 60 फीसदी पेंशनरों के खाते में पेंशन जमा करा दी जाएगी। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी कोषागार कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि सभी मामलों का तेजी से निस्तारण हो सके।
कोषाधिकारी जमीर अहमद ने बताया कि पेंशनरों की संख्या अधिक होने के चलते आय कर की गणना में समय अधिक लग रहा है। हालांकि कर्मचारी डबल शिफ्ट में काम कर सभी खातों को देख रहे हैं। अगले दो दिन छुट्टी के दौरान भी कर्मचारी फाइलें देखेंगे। उन्होंने दावा किया कि सोमवार 12 मार्च तक सभी पेंशनरों की पेंशन जारी कर दी जाएगी।