ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
कुमाऊं के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अब देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। 18 फरवरी को अल्मोड़ा, 27 फरवरी को रुद्रपुर, 28 फरवरी को काठगोदाम और नैनीताल में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो जाएंगे। सभी केंद्रों में रोजाना 50-50 अप्वाइंटमेंट दिए जाएंगे। भविष्य में हर जिले में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने हैं। कुमाऊं के बाद मार्च में गढ़वाल के पौड़ी और रुड़की में भी पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाएंगे। इसकी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।
प्रदेश में अभी दून में ही पासपोर्ट कार्यालय है। सभी जिलों से आवेदक यहीं आकर ही पासपोर्ट बनवाने की औपचारिकता पूरी करते हैं। दूर-दराज के आवेदकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। लिहाजा विदेश मंत्रालय ने आवेदकों की सुविधा के लिए हर जिले में डाक विभाग के साथ मिलकर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की कार्ययोजना बनाई है। पहले चरण में कुमाऊं में पहला पासपोर्ट सेवा केंद्र अल्मोड़ा में खुलने जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा कल यहां केंद्र का उद्घाटन करेंगे। 27 फरवरी को रुद्रपुर, 28 फरवरी को काठगोदाम और नैनीताल में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन होगा। सांसद भगत सिंह कोश्यारी तीनों केंद्रों का शुभारंभ करेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा के मुताबिक, अल्मोड़ा सेंटर के लिए तीन कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। रुद्रपुर, काठगोदाम और नैनीताल में भी तीन-तीन कर्मी तैनात होंगे। शुरू में रोजाना 50-50 अप्वाइंटमेंट दिए जाएंगे।
--
कुमाऊं में चार पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने के बाद आवेदकों को काफी राहत मिलेगी। इन सेवा केंद्रों में आवेदन जमा होने के साथ ही आवेदकों की फोटो खींचने के अलावा अंगुलियों के बायोमीट्रिक निशान लिए जाएंगे। औपचारिक पूरी होने के बाद इन सेवा केंद्रों से फाइलें डाक के माध्यम से देहरादून कार्यालय आएंगी। पासपोर्ट दून कार्यालय से ही जारी होंगे। इस प्रक्रिया में 20 से 25 दिन लगेंगे।
-ऋषि अंगरा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून
--
मेले में आज बनेंगे 500 पासपोर्ट
उत्तराखंड में पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। औसतन प्रतिमाह 8700 आवेदन हो रहे हैं। आवेदकों की संख्या को देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय की ओर से हर महीने अवकाश के दिन मेला लगाया जा रहा है। शनिवार को भी पासपोर्ट सेवा केंद्र हाथीबड़कला में पासपोर्ट मेला लगाया जा रहा है। सप्ताह भर पहले ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि मेले के लिए 500 आवेदकों को अप्वाइंटमेंट जारी किया गया है। सुबह दस बजे से मेला शुरू हो जाएगा।
--
ऐसे करें आवेदन, 15 दिन में जारी होगा पासपोर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में पासपोर्ट बनवाने का क्रेज लोगों में तेजी से बढ़ रहा है। युवा पढ़ाई और नौकरी के लिए विदेश जाने की उम्मीद में पासपोर्ट बना रहे हैं वहीं बड़ी संख्या में कारोबारी घूमने फिरने के लिए आवेदन कर रहे हैं। बहरहाल पासपोर्ट आवेदन बेहद ही आसान है। ऐसे करें आवेदन...
श्चड्डह्यह्यश्चशह्म्ह्लद्बठ्ठस्रद्बड्ड.द्दश1.द्बठ्ठ वेबसाइट खोलें और अपना पंजीकरण कराएं। पंजीकरण के साथ पासपोर्ट आवेदन के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन लिखनी होगी। यदि एप्लीकेशन किसी कागज में लिखी है तो उसे लोड करने का विकल्प भी है। अधिकांश आवेदक ऑनलाइन ही एप्लीकेशन लिखते हैं। ऑनलाइन फार्म भरने के बाद पासपोर्ट शुल्क का विकल्प आएगा। इसमें सामान्य शुल्क 1500 रुपये, बच्चों के लिए पांच सौ रुपये और तत्काल के लिए 3500 रुपये है। आपको जैसा पासपोर्ट बनाना है आप विकल्प चुन सकते हैं। शुल्क आपको ऑनलाइन या फिर एसबीआई के चालान फार्म के माध्यम से जमा करनी होगी। शुल्क जमा होते ही आपको अपाइंटमेंट के लिए खुद ही तारीख चयन करनी होगी। आपको पांच दिन में एक चयन करने का विकल्प मिलेगा। आपके तारीख चयन करते ही कंप्यूटर आपको उस दिन का टाइम आवंटित कर देगा। उसका प्रिंट निकालकर आपको को निर्धारित तिथि को पासपोर्ट कार्यालय पहुंचना होगा।
कार्यालय जाते वक्त आपको अपने वर्तमान पते का प्रमाण-पत्र, जन्मतिथि का प्रमाण और शिक्षा का प्रमाण-पत्र और उनकी फोटो कापी साथ ले जानी होगी। कार्यालय में एक काउंटर पर फोटो खींचने के साथ आपको अंगुलियों की बायोमीट्रिक निशान देने होंगेे और दस्तावेजों की कापी स्कैन करानी होगी। इसके बाद बी काउंटर पर दस्तावेजों की जांच की होगी। सी काउंटर पर ग्रांट अफसर फाइल ओके कर देगा। फाइल ओके होते ही पुलिस सत्यापन के लिए फाइल ऑनलाइन संबंधित जिले के थाने में पहुंची जाएगी। पुलिस की रिपोर्ट आते ही पासपोर्ट जारी हो जाएगा। आमतौर पर 15 दिन के भीतर पासपोर्ट जारी हो जाता है।
--
पासपोर्ट शुल्क रुपये में
सामान्य पासपोर्ट-1500
बच्चों का पासपोर्ट-500
तत्काल पासपोर्ट-3500