खबशहीद स्मारक चौक को चमकाने में जुटा पीडब्ल्यूडी
-- राजनीतिक कार्यकर्ताओं के होर्डिंग-बैनर भी हटाए
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेेश। देहरादून रोड स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक चौक की बदहाली की सुध लोक निर्माण विभाग को आखिरकार आ ही गई। विभाग ने चौक पर लगे राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बैनर-पोस्टर हटाकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। बताया गया कि मरम्मत होने के बाद चौक का रंगरोगन भी कराया जाएगा। अमर उजाला ने उत्तराखंड शहीद स्मारक चौक को लेकर बीती 30 दिसंबर के अंक में ‘नेताओं ने शहीद स्मारक चौक होर्डिंग-बैनरों से ढका’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। जिसमें शहीदों के सम्मान में बने चौक की बदहाली को प्रमुखता से उठाया गया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए लोक निर्माण विभाग की ऋषिकेश स्थित अस्थायी डिवीजन के अधिकारियों ने चौक से होर्डिंग-बैनरों को हटाने के साथ ही उसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। बताया गया कि चौक की मरम्मत के बाद उस पर रंग-रोगन कर उत्तराखंड शहीद स्मारक चौक नाम भी अंकित किया जाएगा। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता यूके गोयल ने बताया कि चौक की मरम्मत कराई जा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उसका रंग-रोगन किया जाएगा। बताया कि चौक के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाना भी प्रस्तावित है।