ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून।
चौथे माधो लाल हवेलिया स्मृति द प्रेसिडेंट कप में शनिवार को ऑल राउंडर क्रिकेट क्लब (एसीसी) ने प्रयास आईएएस एकेडमी को 90 रन और मंगलौर क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने स्काई ब्लास्टर को 26 रनों से शिकस्त देकर पूरे अंक हासिल किए।
कासिगा स्कूल के ग्राउंड में शनिवार को पहला मुकाबला एसीसी और प्रयास एकेडमी के बीच खेला गया। एसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए किरन सिंह के शतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 210 रन बनाए। किरन सिंह ने 65 गेंदों में 17 चौको और एक छक्के की मदद से 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयास एकेडमी की शुरुआत कमजोर रही और पूरी टीम 12 ओवर में 120 रनों पर ढ़ेर हो गई। नदीम ने नाबाद 53 रन बनाए। एसीसी के वैभव और सेन ने तीन-तीन विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में एमसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 153 रन बनाए। घयूर ने 37 रनों का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी स्काई ब्लास्टर की टीम 128 रन पर ढेर हो गए। चैतन्य ने 60 और कमल ने 24 रन बनाए लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज मैदान में टिक कर नहीं खेल सका।