ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कैंट क्षेत्र नींबूवाला में कई दिनों से सीवर सड़क पर बह रहा है। सीवर की समस्या से आजिज लोगों ने सोमवार को कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कौलागढ़ एवं नींबूवाला क्षेत्र में काफी दिनों से सड़क पर सीवर बहने की समस्या है। खुले में सीवर बहने से लोग संक्रामक रोग फैलने की आशंका से परेशान हैं। इस समस्या को लेकर पूर्व आईएएस एसएस पांगती के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सोमवार के कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन से मुलाकात की। लोगों का आरोप था कि सड़क पर बह रहे सीवर के अलावा अन्य समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके कारण कई तरह की परेशानी हो रही है और संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। एसएस पांगती ने कहा कि एक ओर कैंट बोर्ड स्मार्ट कैंट की बात कर रहा है वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में फैली गंदगी पर ध्यान नहीं दिया रहा है। वार्ता के दौरान कुंवर सिंह पांगती, सुनील, मनोज आदि शामिल थे।
---
समस्या के समाधान के लिए नगर निगम, पेयजल निगम के साथ ही क्षेत्रीय विधायक से वार्ता चल रही है। जल्द ही समस्या का निदान कर दिया जाएगा। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। -जाकिर हुसैन, सीईओ, कैंट बोर्ड, दून