सेल्फ हेल्प ग्रुप के 100 से अधिक कर्मचारियों को बाहर करने पर साजिश का आरोप लगाते हुए बिजली कर्मचारी शनिवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए। कार्यबहिष्कार कर कर्मी ईई कार्यालय में धरने पर बैठे। उसके बाद समस्या के समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया।
ऊर्जा निगम शहरी विद्युत वितरण खंड कार्यालय में एकत्रित हुए कर्मियों ने बताया कि सेल्फ हेल्प ग्रुप के तहत कार्यरत कर्मियों की जगह ठेकेदारों को कार्य सौंपने की साजिश की जा रही है। इसके तहत ऊर्जा निगम के अधिकारियों की ओर से बिजलीघरों पर कार्यों के लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। इसके विरोध में सेल्फ हेल्प ग्रुप के कर्मचारियों के साथ ही बिजली संगठनों ने भी प्रदर्शन किया। उन्होंने ऊर्जा निगम अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। बताया कि समस्या के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर कर्मचारियों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है। सेल्फ हेल्प ग्रुप कर्मचारियों के समर्थन में उत्तराखंड बिजली कर्मचारी संघ और हाइड्रो इंप्लाइज यूनियन के भी पदाधिकारी सामने आए। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों के निर्णय से सेल्फ हेल्प ग्रुप के तमाम कर्मचारियों और परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने समस्या समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। इस मौके पर सेल्फ हेल्प ग्रुप के अध्यक्ष फैययाज अहमद, लोकेश कुमार, भूपेंद्र कुमार, देवेंद्र शर्मा, दीपक शांडिल्य, इरशाद, राशिद अली, दिनेश तिवारी आदि उपस्थित थे।