अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हरकी पैड़ी पर गंदगी फैलाने वालों या फिर जिला प्रशासन की अनुमति के बगैर कारोबार करने वाले कारोबारियों की अब खैर नही है। नए साल के मौके पर जिला प्रशासन ने अब हरकी पैड़ी में विशेष टॉस्क फोर्स ‘गंगा प्रहरी’ तैनात किए हैं। गंगा प्रहरी न सिर्फ गंदगी फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के साथ ही हरकी पैड़ी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा की अविरलता, निर्मलता के प्रति जागरूक भी करेंगे।
जिलाधिकारी दीपक रावत की मौजूदगी मेें गंगा प्रहरियों को हरकी पैड़ी पर तैनात किया गया। पहले तो इन प्रहरियों को जिलाधिकारी और गंगा सभा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में गंगा की रक्षा का संकल्प दिलाया गया। जिलाधिकारी दीपक रावत ने अफसरों, गंगा सभा के पदाधिकारियों के साथ हरकी पैड़ी में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने बताया कि हरकी पैड़ी हमारी धार्मिक आस्थाओं का केंद्र हैं। यहां देश-विदेश से करोड़ों लोग गंगा स्नान करने आते हैे। ऐसे में इसे साफ सुथरा रखना सबकी जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि जो लोग भी हरकी पैड़ी पर गंदगी फैलाएंगे उनसे पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी डा. ललित नारायण मिश्र, गंगा सभा के पुरुषोत्तम शर्मा गांधीवादी, रामकुमार मिश्र समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
डीएम के पहुंचने से पहले ही भागे कारोबारी
जिलाधिकारी दीपक रावत ने अफसरों के साथ जैसे ही हरकी पैड़ी का भ्रमण शुरू किया उससे पहले ही पैड़ी पर अनाधिकृत डेरा जमाए बैठे कारोबारी बोरिया बिस्तर समेटकर भाग निकले। जिलाधिकारी रावत ने मौके पर उपस्थित नगर निगम अफसरों से कहा कि हरकी पैडी पर महज उन्हें ही कारोबार करने दिया जाए जिनके पास वैध लाइसेंस है।