हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय विभाग के मुख्य अधिष्ठाता दीनानाथ शर्मा ने दो पदों पर नियुक्ति देने के नाम पर दो युवकों से पांच लाख की रकम ठग ली। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके से की गई शिकायत के बाद हरकत में आई कनखल पुलिस ने मुख्य अधिष्ठाता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कनखल के हनुमानगढ़ी के रहने वाले डॉ जीवन आर्य ने एसएसपी को दिए प्रार्थना में बताया कि गुरुकुल के विद्यालय विभाग में आश्रम अध्यक्ष पद पर उसकी संविदा पर नियुक्ति की गई थी। । आरोप है कि एक जुलाई को बिना बताए ही मुख्य अधिष्ठाता ने उसकी नौकरी समाप्त कर दी। मुख्य अधिष्ठाता दीनानाथ शर्मा से मुलाकात करने पर उन्होंने कहा कि स्थायी नौकरी की एवज में पांच लाख की रकम देनी होगी। आरोप है कि एक लाख की रकम मुख्य अधिष्ठाता को दे दी, लेकिन तब से अब तक उसके साथ टाल मटोल की जा रही है। इधर, कनखल की ही हिमगिरि कालोनी के रहने वाले युवक अनिल कुमार पांडे को विद्यालय विभाग में ही लिपिक के पद पर स्थायी नियुक्ति देने के लिए चार लाख की रकम ले ली गई। आरोप है कि तब से अब तक उन दोनों को स्थायी नियुक्त के लिए नियुक्ति पत्र नहीं दिए गए है।
एसएसपी के निर्देश के बाद कनखल पुलिस ने विद्यालय विभाग के मुख्य अधिष्ठाता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
----------------
संस्कृत शिक्षक की भी हुई थी पेशकश
हरिद्वार। एक लाख की रकम गंवा चुके डा. जीवन आर्य की माने तो उन्हें ज्वालापुर इंटर कालेज में रिक्त होने वाली संस्कृत अध्यापक के पद पर नियुक्ति देने की पेशकश भी मुख्य अधिष्ठाता ने की थी, लेकिन तब अच्छी खासी रकम देने की डिमांड की गई थी, जिसे वह पूरा नहीं कर सकता था।