श्रीनगर। गढ़वाल प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को गैरसैंण लेपर्ड और देहरादून ईगल ने अपने-अपने मैच जीत लिए। अब तक खेले गए मैचों के आधार पर पूल ए में नयार और पूल बी में चमोली ने बढ़त बनाई है।
बृहस्पतिवार को स्थानीय जीआईएंडटीआई मैदान में पहला मुकाबला गैरसैंण लेपर्ड और उत्तरकाशी थिर्सश के बीच खेला गया। इसमें गैरसैण लेपर्ड ने उत्तरकाशी थिर्सश को 9 विकेटों से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तरकाशी थिर्सश ने 17 ओवरों में 63 रन बनाए। उत्तरकाशी के प्रियांशु रावत ने 21 रन बनाए। गैरसैंण लेपर्ड के गेंदबाज अभय क्षेत्री ने चार और विक्की गैरोला ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गैरसैंण लेपर्ड ने सात ओवरों में ही 8 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। गैरसैंण के विक्की गैरोला ने 50 रनों की पारी खेली। विक्की गैरोला को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दूसरा मुकाबला हरिद्वार हैमर्स और देहरादून ईगल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर देहरादून ईगल ने क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी हरिद्वार की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 121 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून की टीम ने 16 ओवरों में एक विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। देहरादून की ओर से विजय ने 87 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। कांग्रेस के नेता राकेश बिष्ट ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। लेखराज और धर्मेंद्र ने अंपायरिंग की, जबकि मनीष कोठियाल और देवेंद्र रावत ने स्कोरिंग। जयदीप भट्ट मैच के कमेंट्रेटर थे।