देवाल। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के रोकथाम के साथ ही ल्वाणी से ईजरपाट गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की। जनता दरबार में वन विभाग के डीएफओ एनएन पांडे ने कहा कि ग्रामीणों की सभी समस्याएं शासन को भेज दी जाएंगी।
ल्वाणी में ग्राम प्रधान महेशी देवी की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने बताया कि ल्वाणी और फराली गांवों में आलू, राजमा सहित पारंपरिक फसल उगाई जाती हैं, लेकिन जंगली जानवर और सूअर फसल बर्बाद कर देते हैं। ग्रामीणों ने ल्वाणी से ईजरपाट के लिए मोटर मार्ग बनाने, बिजली लाइन की मरम्मत करने, जीआईसी ल्वाणी के लिए चयनित जमीन से पेड़ों को काटने, फराली से राइंका ल्वाणी के लिए नई पेयजल योजना बनाने, जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए तार-बाड़ लगाने, कृषकों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने आदि की मांग की गई। इस मौके पर रेंजर टीएस बिष्ट, वन दरोगा त्रिलोक बिष्ट, डीसीबी चमोली के निदेशक महावीर बिष्ट, दमयंती देवी, नारायण सिंह, दर्शन सिंह, पार सिंह, महिपाल सिंह, राय सिंह, मदन सिंह, भावना देवी और नाथो सिंह आदि ने भाग लिया।