श्रीनगर। अदिति स्मृति न्यास की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय मांगल प्रतियोगिता में अब तक छह टीमें फाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं। फाइनल के लिए 15 टीमों का चयन किया जाना है। प्रतियोगिता का फाइनल 20 दिसंबर को होगा।
शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ एसएसबी केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र के डीआईजी उपेंद्र प्रकाश बलोदी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विलुप्त हो रही गढ़वाल की परंपराओं के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। कहा कि मांगल गीत हमारे उल्लास के प्रतीक हैं।
शनिवार को 6 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें से श्रीराम प्रज्ञा श्रीकोट, मिलन मंागल टीम बगवान कमलेश्वर, परशुराम मांगल टीम फरासू ने फाइनल में प्रवेश किया। अब तक फाइनल में 6 टीमें पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता आयोजक गिरीश पैन्यूली ने बताया कि मां शारदे मांगल टीम व परशुराम मांगल टीम को बराबर 61-61 अंक मिले। दोनों टीमों में टाई होने पर दोबारा प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें परशुराम टीम विजयी रही। कार्यक्रम के आयोजन में अनूप बहुगुणा, दुर्गा प्रसाद, संजय गुप्ता आदि ने सहयोग दिया।
जर्मन के छात्र ने किया ढोल वादन
श्रीनगर। प्रतियोगिता के दौरान जर्मनी के छात्र लुकास ने ढोल वादन की प्रस्तुति दी। लुकास जर्मनी में स्नातक का छात्र है। लुकास पिछले तीन महीनों से टिहरी में रह रहा है। इसी दौरान वह ढोल वादन व हिंदी भी सीख रहा है। ढोल वादन के दौरान सभासद अनूप बहुुगुणा ने दमाऊं पर लुकास का साथ दिया।