श्रीनगर। गढ़वाल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को श्रीनगर स्मेसर्स व नयार पैंथर अपने- अपने मैचों में विजयी रहे। मंगलवार को बारिश के चलते प्रतियोगिता के मैच नहीं हो पाए थे।
गढ़वाल प्रीमियर लीग में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला टिहरी स्मेसर्स एवं नयार पैंथर्स के मध्य खेला गया। जिसमें नयार पैंथर्स ने टिहरी स्मैसर्स को तीन विकेट से हराया। जबकि दूसरा मुकाबला श्रीनगर स्मैसर्स व लैंसडौन वारियर्स के मध्य खेला गया। जिसमें श्रीनगर ने लैंसडौन वारियर्स को 109 रनों से पराजित किया। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर नयार पैंथर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरे टिहरी के बल्लेबाज नयार के गेदबाजों के सामने ज्यादा नहीं टिक पाए। निर्धारित 17 ओवरों में 99 रनों का स्कोर पर ही पूरी टीम पवेलियन लौट आई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नयार की टीम ने तीन विकेट शेष रहते हुए टिहरी पर जीत कायम की। इस मैच में विजन पंचाल को मैन आफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक चार विकेट लिए।
दूसरे मैच में श्रीनगर स्मैषर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 17 ओवरों में 194 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। श्रीनगर की ओर से भानु प्रताप ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 51 गंदों पर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लैंसडौन की टीम मात्र 84 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। भानु प्रताप को मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।