श्रीनगर। गढ़वाल विवि में कार्यरत तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारी समायोजन के लिए आंदोलन करेंगे। साथ ही तदर्थ कर्मचारियों ने शिक्षणेतर कर्मचारी परिषद ने चुनाव में वोट देने का अधिकार देने की मांग भी की है।
सोमवार को गढ़वाल विवि में कार्यरत तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन परिसर में बैठक की। संघ के संयोजक कमलेश नैथानी ने कहा कि विवि में तैनात तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारी वर्षों से पूरे मनोयोग से विवि में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। नैथानी ने कहा कि राज्य सरकार 10 और 5 वर्षों से कार्यरत तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारियों का समायोजन कर चुकी है। गढ़वाल विवि को भी अपने तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारियों का समायोजन करना चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि जल्द ही अपनी मांग के समर्थन में तदर्थ वेतनभोगी अनशन व आत्मदाह जैसे कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। तदर्थ वेतनभोगी कर्मचारियों ने कर्मचारी परिषद से यूनियन चुनाव में वोट देने का अधिकार देने की मांग भी की है। ब्यूरो