गोपेश्वर। पोखरी ब्लॉक के गुणम, बदाणा, आमणीधार, सिदेली, कुलेंडु, नैल, नौली, मसोली और गोदली गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए वर्ष 2010 से निर्मित हो रही पांच किमी हापला-गुड़म सड़क का काम दो साल से ठप पड़ा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि लोनिवि पोखरी डिवीजन के अधिकारियों की ओर से की जा रही लापरवाही से ही ठेकेदार काम नहीं कर रहा है।
चंद्रशिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, गुड़म प्रधान गुड्डी देवी, नैल की प्रधान दीपा देवी, तेजवीर सिंह नेगी, कमल सिंह नेगी, कुंवर सिंह, सतीश, सुजान और देवेंद्र सिंह का कहना है कि सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। पुल निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ने पुराने पैदल रास्तों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। लोनिवि पोखरी के ईई वीरेंद्र जौहरी का कहना है कि पुल निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। पुल निर्माण की सामग्री भी पहुंचा दी गई है। शीघ्र ही कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा।