श्रीनगर। वर्षों से सड़क की राह ताक रहे ग्रामीणों को अब जल्द सुविधा मिलने वाली है। गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए 4 दिसंबर को विधायक विनोद कंडारी मार्ग का शिलान्यास करेंगे। 878.77 लाख की लागत से बनने वाले 13 किमी सड़क का निर्माण 18 माह में पूरा होगा।
विकासखंड कीर्तिनगर के बड़ियारगढ़ क्षेत्र का मणजूली गांव सड़क मार्ग से करीब 10 से 12 किमी दूर है। गांव के लिए वर्ष 2007 में लोक निर्माण खंड कीर्तिनगर की ओर से राज्य योजना के तहत सड़क स्वीकृत की गई थी। मार्ग का समरेखण भी शासन की ओर से स्वीकृत किया गया था। जिसके बाद वन भूमि का संयुक्त निरीक्षण होना था। तब मार्ग की लंबाई 12 किमी थी। काफी समय बाद विभाग की ओर से 25 अप्रैल 2011 को मार्ग में आने वाले वृक्षों के पातन के संबंध में भी कार्रवाई की गई। बावजूद इसके लोनिवि सड़क को ग्राम पंचायत मणजूली तक नही पहुंचा पाया है।
अब गत वर्ष पीएमजीएसवाई योजना के तहत गांव के लिए 878.77 लाख की लागत से 13 किमी सड़क स्वीकृत की गई है। ग्राम प्रधान सरोजनी पुंडीर ने बताया कि सड़क के अभाव में लोग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे थे। अब सड़क निर्माण जहां आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं ग्रामीणों की आर्थिकी भी मजबूत होगी। बताया कि गांव में चौलाई, लहसून, राजमा, पत्ता गोभी, सोयाबीन आदि भी आसानी से बाजार तक पहुंच सकेगा। चिलेड़ी के ग्राम प्रधान सुमन पुंडीर ने बताया कि पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण से मुसमोला, चिलेड़ी व मणजूली आदि ग्राम पंचायतों की करीब 3 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
मोटर मार्ग पर 4 दिसंबर से निर्माण शुरू किया जाएगा। करीब डेढ़ साल बाद ग्रामीणों को मोटर मार्ग की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।
- जेेएस रावत अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई निर्माण खंड कीर्तिनगर