जोशीमठ। औली में आगामी जनवरी माह में होने वाले विंटर गेम्स को लेकर डीएम आशीष जोशी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। डीएम ने सभी अधिकारियों को दिसंबर माह के अंत तक औली में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। डीएम ने औली स्लोप और स्कीईंग उपकरणों का निरीक्षण भी किया।
औली में 15 से 21 जनवरी तक फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीईंग की ओर से विंटर गेम्स होने हैं। डीएम ने शनिवार को पेयजल, बिजली, लोनिवि और जीएमवीएन के अधिकारियों की बैठक ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेेम्स शुभारंभ से पहले औली में सभी सुविधाएं मुहैया करा ली जाएं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को औली और जोशीमठ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चाक-चौबंद करने को कहा। जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को जोशीमठ से लेकर औली तक पेयजल की लाइनों का सुधारीकरण कार्य कर सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए कहा गया। डीएम ने कहा कि गेम्स के दौरान असुविधा पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहिणी रावत, एसडीएम योगेंद्र सिंह, किशोर डिमरी और राजेंद्र डिमरी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।